Ranchi News : झारखंड पुलिस के आईआरबी-1, जामताड़ा में तैनात डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह का अचानक निधन हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आ रही है.
प्रमोद कुमार सिंह इन दिनों श्रावणी मेला को लेकर रेल पुलिस जिला धनबाद के अंतर्गत जामताड़ा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. बताया जा रहा है कि वे ड्यूटी पर तैनात थे और देर शाम अपने कमरे में लौटे थे.
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जानकारी के मुताबिक, कमरे में रहने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे फर्श पर गिर पड़े. काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सहयोगियों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने हृदयाघात को मौत की वजह बताया है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि आगे की चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस महकमे में शोक
डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह के अचानक निधन की खबर से झारखंड पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. श्रावणी मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में वे सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे थे. उनके निधन से सहकर्मियों और पुलिस अधिकारियों में गहरा दुख है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

