Ranchi News : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) का तीसरा दीक्षांत समारोह 26 सितंबर को आयोजित किया जाएगा. समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर 16 अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया है.
दीक्षांत समारोह में यूजी, पीजी, बीएड और पीएचडी के करीब 2500 से 3000 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी. वहीं, विभिन्न पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा. इस बार करंट बैच के विद्यार्थियों को भी डिग्री और मेडल प्रदान किए जाएंगे.
समारोह में एमए के 2023-25 और 2024-25 सत्र और यूजी के 2022-25 सत्र के टॉपर विद्यार्थियों को मेडल से सम्मानित किया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन भी मांगे जा रहे हैं. अब तक करीब 2000 विद्यार्थियों के आवेदन विश्वविद्यालय को प्राप्त हो चुके हैं.
DSPMU का यह दीक्षांत समारोह भारतीय परंपरा और संस्कृति के अनुरूप आयोजित किया जाएगा. समारोह के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है. इसके तहत विद्यार्थियों को सफेद रंग के पारंपरिक परिधान में शामिल होना होगा. छात्रों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा, जबकि छात्राओं के लिए सफेद साड़ी या सलवार-सूट के साथ दुपट्टा निर्धारित किया गया है.
विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि समारोह को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए. इसके लिए गठित विभिन्न कमेटियां आयोजन से जुड़े अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

