Search

 
 
 

भीषण ठंड व शीतलहरी के कारण रांची के सभी स्कूलों में 31 तक पढ़ाई स्थगित

बढ़ती ठंड और शीतलहरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से 12वीं तक की पढ़ाई अस्थायी रूप से स्थगित करने का आदेश जारी किया है.
 

Ranchi : बढ़ती ठंड और शीतलहरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से 12वीं तक की पढ़ाई अस्थायी रूप से स्थगित करने का आदेश जारी किया है. यह आदेश 27 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा.

 

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड, रांची द्वारा विशेष बुलेटिन जारी कर अगले आदेश तक राज्य में भारी ठंड और शीतलहरी की चेतावनी दी गई है.

 

मौसम विभाग ने रांची जिले को येलो जोन की श्रेणी में रखते हुए ठंड और शीतलहरी की संभावना जताई है. बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत यह निर्णय लिया गया है.

 

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि रांची जिले में संचालित सभी विद्यालयों में कक्षा केजी से 12वीं तक पठन-पाठन का कार्य उक्त अवधि तक पूरी तरह बंद रहेगा. जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें.

 

हालांकि, जिन विद्यालयों में इस अवधि के दौरान पहले से परीक्षा निर्धारित है, वहां विद्यालय प्रबंधन को अपने विवेकानुसार परीक्षा संचालन की अनुमति दी गई है. प्रशासन ने कहा है कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए.

 

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें. साथ ही किसी भी प्रकार की जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया गया है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही