Sports News: ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है. ईस्ट जोन ने तीसरी बार दलीप ट्रॉफी अपने नाम किया है. इससे पहले, टीम ने साल 2012-13 में आखिरी बार ट्रॉफी जीता था. चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में साउथ जोन के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में पहली पारी के आधार पर हासिल की बढ़त के चलते ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया.
इसे भी पढ़ें:
पहली पारी में ईस्ट जोन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 708 रन बनाए, जिसमें कप्तान ईशान किशन ने 334 गेंदों पर 270 रनों की यादगार पारी खेली. इसमें 30 चौके और 7 छक्के लगाए. वहीं, कुमार कुशाग्र ने शतक जमाया और 132 गेंदों में 101 रनों का योगदान दिया. शिखर मोहन ने 85 रन, वैभव सूर्यवंशी ने 44 रन अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन, अनुकूल रॉय ने 45 और मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने 40 रन बनाए.
ईस्ट जोन के पहली पारी में बनाए गए 708 रनों के जवाब में साउथ जोन की ओर से टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा 99 रन बनाए, हालांकि देवदत्त पडिक्कल ने 62 रन और चमा मिलिंद ने 43 रन का योगदान दिया. लेकिन इसके बावजूद टीम 336 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. ईस्ट जोन की तरफ से टीम के लिए गेंदबाजी करते हुए मुकेश कुमार ने 3 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शमी, कुरैशी और शिखर मोहन ने दो-दो विकेट चटकाए.
पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन ने 372 रनों की विशाल बढ़त हासिल की. दूसरी पारी में भी ईस्ट जोन के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दमदार रहा. टीम ने मैच ड्रॉ होने के ऐलान से पहले 7 विकेट खोकर 388 रन बनाए. ईशान किशन ने दूसरी पारी में 80 रनों की शानदार पारी खेली. जबकि, मोहम्मद कौनेन कुरैशी 190 गेंदों में 116 रन बनाकर नाबाद रहे. अनुकूल रॉय ने 64 रनों का और शिखर मोहन ने अर्धशतकीय पारी खेली.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

