- घर से 5.08 लाख रुपये नकद और 24 हजार के विमुद्रीकृत नोट बरामद
- 4,000 वर्गफीट जमीन पर बना है दो मंजिला मकान
Dumka News : आय से अधिक संपत्ति के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पाकुड़ के महेशपुर निवासी सेवानिवृत्त चौकीदार धीरन माल के घर पर छामेमारी की. कोर्ट के आदेश पर दुमका के कार्यपालक दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में 19 नवंबर को यह कार्रवाई की गई. धीरन माल के घर से 5,08,560 रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा 1,000 रुपये के 24 विमुद्रीकृत पुराने नोट भी मिले, जिनकी कुल कीमत 24 हजार रुपये है.
इसे भी पढ़ें
ACB की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, धीरन माल की 4,000 वर्गफीट जमीन पर पक्का दो मंजिला मकान बना है. बरामद सामान और मकान का अनुमानित मूल्य 90,53,440 रुपये है. बरामद नकदी को अनअकाउंटेड मनी यानी बेहिसाब धन बताया गया.
करोड़ों की अन्य संपत्तियों की भी मिली जानकारी
धीरन माल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एसीबी की ओर से दुमका थाना में कांड संख्या 07/2026 (2 नवंबर 2026) दर्ज है. इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उन्हें नामजद अभियुक्त बनाया गया है. जांच में उनके पास अवैध तरीके से अर्जित करोड़ों रुपये की अन्य अचल संपत्तियों की भी जानकारी मिली है. ACB इन संपत्तियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

