Search

 
 
 

Dumka News : लेटो गांव में पारंपरिक माहमोड़े और काराम पूजा का आयोजन

Dumka News : माहमोड़े पूजा संताल समाज की महत्वपूर्ण सामुदायिक परंपरा है. इसका उद्देश्य गांव के लोगों के साथ मवेशियों को भी बीमारी और विपत्तियों से सुरक्षित रखने की प्रार्थना करना है. यह पूजा सामान्य तौर पर प्रत्येक पांच वर्ष में आयोजित की जाती है
 
पारंपरिक माहमोड़े और काराम पूजा

Dumka News : दुमका प्रखंड के लेटो गांव में संताल आदिवासी समाज की पारंपरिक माहमोड़े और काराम पूजा धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुई. इस दौरान पूरे गांव में आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल रहा. ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर गांव की खुशहाली, अच्छी फसल, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.

 


माहमोड़े पूजा संताल समाज की महत्वपूर्ण सामुदायिक परंपरा है. इसका उद्देश्य गांव के लोगों के साथ मवेशियों को भी बीमारी और विपत्तियों से सुरक्षित रखने की प्रार्थना करना है. यह पूजा सामान्य तौर पर प्रत्येक पांच वर्ष में आयोजित की जाती है. गांव में महामारी, बीमारी या प्राकृतिक आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर भी ग्रामीण जाहेर थान में जल अर्पित कर इष्ट देवता से रक्षा की गुहार लगाते हैं.


लेटो गांव में यह अनुष्ठान मांझी थान और जाहेर थान में पारंपरिक विधि-विधान से किया गया. पूजा के दौरान मांझी थान में पाठा और जाहेर थान में बकरी की बलि दी गई. अनुष्ठान के बाद प्रसाद ग्रामीणों के बीच बांटा गया.


वहीं काराम पूजा के माध्यम से ग्रामीणों ने अच्छी उपज, धन-संपत्ति, मवेशियों की वृद्धि और सामूहिक खुशहाली की मंगलकामना की. काराम गुरु बाबा सोने बास्की के नेतृत्व में पारंपरिक रीति से काराम पेड़ की डाली लाई गई.

 

नृत्य और गीतों के बीच डाली को गांव के मांझी थान के समीप स्थापित किया गया. इसके पास करमा ठीली (छोटा घड़ा) रखकर पूजा-अर्चना की गई.इस दौरान काराम गुरु बाबा सोने बास्की ने पारंपरिक गीतों के जरिए मानव सृष्टि की उत्पत्ति और संसार की रचना से जुड़ी मान्यताओं का वर्णन किया. पूजा में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही. वे सूप में धान, दूबी घास, भेलाजा घास, सिंदूर, काजल, सरसों तेल और दीप सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचीं. इसके बाद परंपरा के अनुसार काराम डाली का चुमड़ा किया गया.


दोनों आयोजनों ने गांव की पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकजुटता की झलक पेश की. मौके पर सुनील टुडू, सोहराय टुडू, दुर्गा मरांडी, सोम किस्कू, काहा मरांडी, जोमोल मरांडी, कार्तिक मरांडी, रामजीत टुडू, मनोज मरांडी, अनिल टुडू, फिरोज टुडू, सुनिराम टुडू, बाबुधन मरांडी, लुखिराम टुडू, प्रेम मरांडी, गणेश मरांडी, मलोती हांसदा, मकलू किस्कू, मोनी हांसदा, प्रेमलता मुर्मू, पूनम, सुनीता हांसदा, मेरीनीला मुर्मू, लुखी सोरेन, बहामुनी टुडू, होपोंटी किस्कू और मुन्नी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही