Dumka News : जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर गांव में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे को लेकर रविवार देर रात जमकर हंगामा हुआ. सर्वे का विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस घटना में करीब 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.
इसे भी पढ़ें
ग्रामीणों ने कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाया
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे के लिए कंपनी के अधिकारी गांव पहुंचे थे. इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और कंपनी के अधिकारियों को बंधक बना लिया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
लाठी-डंडों से हमला, पत्थरबाजी भी की
बताया जा रहा है कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई. इस दौरान पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें 12 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. घायलों में दो जवानों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. एक पुलिसकर्मी का पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है.
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से जख्मी जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है.

