Giridih News : जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याण निकेतन के समीप रविवार देर रात शिखरजी की यात्रा से लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हो गए. इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

इसे भी पढ़ें
बस के केबिन में बैठे थे मृतक दंपती
डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के अनुसार, 10 वाहनों का जत्था शिखरजी की यात्रा करके टाटा लौट रहा था. इसी दौरान कल्याण निकेतन के समीप अचानक एक बस (JH 01-CZ-4638) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और विपरीत दिशा में पलट गई. बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले पति-पत्नी बस के केबिन में बैठे थे.
घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाल गया और तत्काल पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने कहा कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की संभावना है. कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य आवश्यक पहलुओं की जांच में जुटी है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है.

