Ranchi : मोरहाबादी मैदान के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में मंगलवार को डूरंड कप का शानदार मुकाबला हुआ. एससी दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर एफसी को 2-1 गोल से हरा दिया. पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद दिल्ली की टीम ने दूसरे हाफ में आक्रामक खेल दिखाया और लगातार दो गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
शाम पांच बजे शुरू हुए मैच में जमशेदपुर एफसी ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया. पांचवें मिनट में टीम ने बेहतरीन मूव बनाकर गेंद को दिल्ली एससी के गोलपोस्ट तक पहुंचाया, लेकिन गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए गोल का मौका नाकाम कर दिया. इसके बाद सातवें मिनट में भी जमशेदपुर ने एक और बोल छकाया. हालांकि इस बार भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी.
दिल्ली एससी ने आठवें मिनट में पलटवार करते हुए जमशेदपुर के गोलपोस्ट पर दबाव बनाया, लेकिन उसे भी सफलता नहीं मिली. लगातार बोल मूव के बीच आखिरकार 21वें मिनट में जमशेदपुर एफसी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला गोल दाग दिया और 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.
हाफ टाइम के बाद दिल्ली एससी पूरी तरह बदले हुए अंदाज में मैदान पर उतरी. टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बराबरी का गोल दागा और स्कोर 1-1 की बराबरी कर दिया. इसके बाद 55वें मिनट में शानदार मूव तैयार करते हुए दिल्ली एससी ने दूसरा गोल कर मैच में 2-1 की बढ़त बना ली.
बढ़त हासिल करने के बाद दिल्ली एससी ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और जमशेदपुर एफसी को बराबरी का मौका नहीं दिया. दूसरी ओर जमशेदपुर ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन दिल्ली की मजबूत टीम और गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन के आगे उसके सभी प्रयास विफल रहे. निर्धारित समय तक स्कोर 2-1 ही रहा और दिल्ली एससी ने शानदार वापसी की और मैच अपने नाम कर डूरंड कप में जीत दर्ज की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment