Ranchi News : रांची जिला प्रशासन ने राजधानी में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भव्यता के साथ दुर्गा पूजा संपन्न होने पर आम जनता के प्रति आभार जताया है. रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों, नगर निगम, बिजली विभाग, शांति समिति के सदस्यों, विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों, युवा दस्ता, आम नागरिकों के योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से रांची में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं भव्यता के साथ संपन्न हुई.
इसे भी पढ़ें
गौरतलब है कि रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व और रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देशन में पूरे जिले में दुर्गा पूजा के सफल आयोजन को लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी से निगरानी, महिला पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया. प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस बल, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम की मदद से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई.
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रेरणा से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान भी चलाया. फ्लैक्स के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक किया गया. सभी पंडालों में इस अभियान को प्रमुखता दी गई, ताकि त्योहारों के पावन अवसर पर भी नागरिकों तक यह महत्वपूर्ण संदेश प्रभावी रूप से पहुंच सके. यह प्रयास समाज को नशे की लत से मुक्त करने और स्वस्थ, जागरूक तथा सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है.

