Dhanbad News: प्रशासनिक कार्रवाई और लगातार जुर्माने से परेशान ई-रिक्शा चालकों का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा. अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालकों ने ट्रैफिक थाना के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. अचानक सड़क जाम होने से कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
इसे भी पढ़ें:
प्रदर्शन कर रहे चालकों का कहना था कि उन्हें आए दिन प्रशासनिक कार्रवाई, जुर्माने और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि वाहन जब्त किए जाने के बाद कार्रवाई के संबंध में उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है. उनका कहना है कि चालान कटवाने के बाद भी कई वाहनों को नहीं छोड़ा जा रहा है जिससे वाहन मालिकों और चालकों में आक्रोश है.
चालकों ने ट्रैफिक पुलिस पर मनमाने तरीके से कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए अभियान पर रोक लगाने तथा जब्त किए गए ई-रिक्शा को तत्काल छोड़ने की मांग की. उनका कहना था कि कार्रवाई के कारण उनका रोजी-रोजगार प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे.अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे चालकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित समाधान का आश्वासन दिया. अधिकारियों के समझाने के बाद चालकों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी.
हालांकि जाम के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. ई-रिक्शा चालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं और मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

