Dhanbad: झारखंड ई-रिक्शा टोटो संघ की ओर से धैया स्थित संघ कार्यालय में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत संघ के संरक्षक बैभव सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की. इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों, सदस्यों और ई-रिक्शा चालकों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता व अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया.
धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
ध्वजारोहण के बाद संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में धैया क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा में सैकड़ों ई-रिक्शा चालक और संघ के सदस्य शामिल हुए. यात्रा का मुख्य आकर्षण 100 मीटर लंबा राष्ट्रीय ध्वज रहा, जिसे लोगों ने मिलकर सम्मानपूर्वक थामे रखा.
इसे भी पढ़ें:
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. ई-रिक्शा पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से धैया का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया. स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का स्वागत किया.
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ई-रिक्शा चालक शहर की परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और रोजाना हजारों लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं. स्वतंत्रता दिवस पर बड़ी संख्या में चालकों का एकजुट होकर तिरंगा यात्रा में शामिल होना सामाजिक एकता और देशभक्ति की भावना को दर्शाता है.
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई. इस अवसर पर मुन्ना कुशवाहा, पवन साव, प्रमोद पासवान, विष्णु दास, चंदन रवानी, संजीव गुप्ता, सोनू पासवान, सोनू साव, प्रदीप मोदी, राजू वर्मा, राजेश राम, सनोज पासवान, बीरेंद्र सोनी, रियाज अंसारी और धर्मेंद्र कुमार सहित सैकड़ों ई-रिक्शा चालक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

