Search

पटना में सुबह-सुबह मुठभेड़, STF की गोली से कुख्यात अपराधी घायल

Patna :  राजधानी में सुबह-सुबह एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. गायघाट पुल के नीचे हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से राजीव कुमार ऊर्फ सूर्या श्री नाम के अपराधी को पैर में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया है.   

 

जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि राजीव गायघाट इलाके में छिपा हुआ है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है.

 

सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी की. खुद को घिरा देख अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने भी मोर्चा संभाला.

 

दोनों ओर से करीब तीन राउंड गोलियां चलीं, जिसमें एक गोली राजीव के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और एनएमसीएच में भर्ती कराया. फिलहाल उसकी हालत स्थिर है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है.

 

सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया. घटना के बाद आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.

 

पुलिस के मुताबिक, राजीव खाजेकला थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री, धोखाधड़ी और शराब तस्करी समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.

 

 पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राजीव किस मकसद से पटना आया था और उसके आपराधिक नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp