Ranchi News : झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में राज्य भर में व्यापक सेवा अभियान चलाने की घोषणा की है. इस विशेष अवसर पर राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें...
इसके साथ ही सांगठनिक मंडलों के गांवों को विशेष रूप से सजाया जाएगा. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उत्सव और सेवा भाव के साथ आम जनता तक पहुंचाना है.
प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की. उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से सभी जिला मुख्यालयों में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा.
इसके पश्चात 21 और 29 सितंबर से 'आंगन मिलन सेवा', 'वाराणसी सेवा यात्रा' और 'सेतु अभियान' की शुरुआत होगी. कार्यक्रमों की इस श्रृंखला में 'सेवा के रंग' के तहत विभिन्न स्थानों पर रंगोलियां बनाई जाएंगी और कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी के शासन के 25 साल पर 25 कहानियां' लिखकर उनके सेवा कार्यों का वर्णन किया जाएगा.
आदित्य साहू ने 2014 से पहले की देश की स्थिति को दयनीय बताते हुए कहा कि उस समय घोटालों का बोलबाला था और गरीब व किसान बुनियादी सुविधाओं के लिए तड़पते थे. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपनी सही नीति और नीयत से देश में विकास की एक मजबूत श्रृंखला खड़ी की है. गुजरात भूकंप के दौरान मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यों और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में हो रहे चौतरफा विकास का उल्लेख करते हुए साहू ने वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों की जमकर सराहना की.
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री की निरंतर कार्यक्षमता को ईश्वर की असीम कृपा बताते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में वे एक दिन भी बीमार नहीं पड़े हैं और अनवरत काम कर रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र से देश बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ रहा है. भाजपा के इन सभी सेवा अभियानों का अंतिम लक्ष्य प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

