National News : भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम और मणिपुर में आज मंगलवार सुबह धरती कांप उठी.सबसे पहले असम के नगांव में भूकंप के झटके महसूस किये गये. भूकंप सुबह लगभग 4 बजकर 23 मिनट पर आया. भूकंप की गहराई जमीन के अंदर लगभग 33 किलोमीटर थी.
धरती का हिलना महसूस होते ही लोगों की नींद में खलल पड़ा. लोग घबरा कर बिस्तर छोड़ बाहर भागे. चीख-पुकार मच गयी. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गयी.
असम में आये भूकंप के कुछ ही मिनटों के बाद मणिपुर के तमेंगलोंग में भी भूकंप आया. इसकी तीव्रता 2.9 मापी गयी. इसकी गहराई जमीन के अंदर लगभग 12 किलोमीटर थी. भूकंप के कारण किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है.
असम और मणिपुर में आये भूकंप के कुछ ही देर बाद अफगानिस्तान में भी धरती डोलने लगी, यहां भूकंप सुबह लगभग 5 बजकर 25 मिनट पर आया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 मापी गयी. अफगानिस्तान में आये भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर लगभग 103 किलोमीटर की गहराई में था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

