Search

Education News : सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज में विश्व सिज़ोफ्रेनिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Ranchi : सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज में विश्व सिज़ोफ्रेनिया दिवस के अवसर पर आज एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम कॉलेज के मेंटल हेल्थ क्लब द्वारा आईक्यूएसी व शिक्षा विभाग के सहयोग से शिक्षा विभाग के हॉल में आयोजित हुआ. कार्यक्रम वैश्विक थीम Rethink the Label: Reclaim the Story पर आधारित था.

 

विश्व सिज़ोफ्रेनिया दिवस प्रतिवर्ष 24 मई को मनाया जाता है, जबकि कॉलेज में इसका आयोजन 25 मई को किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य सिज़ोफ्रेनिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा सहानुभूति, समझ और स्वीकार्यता को प्रोत्साहित करना था. इसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई.

 

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य व मुख्य अतिथि डॉ. फा. रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एस.जे. के स्वागत संबोधन से हुई. उन्होंने कहा कि सिज़ोफ्रेनिया और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति दया, धैर्य, सम्मान और सहानुभूति का व्यवहार बेहद आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से मानसिक और भावनात्मक कठिनाइयों का सामना कर रहे लोगों के लिए सहयोगी वातावरण तैयार करने का आह्वान किया.

 

इस अवसर पर डॉ. अनुपमा भार्गव ने विश्व सिज़ोफ्रेनिया दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हर 100 में से 1 व्यक्ति सिज़ोफ्रेनिया से प्रभावित होता है.मेंटल हेल्थ क्लब की समन्वयक प्रो. संध्या भेंगरा ने कार्यक्रम की थीम पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सिज़ोफ्रेनिया से पीड़ित व्यक्ति अपनी बीमारी से कहीं अधिक होते हैं. उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की आवश्यकता पर बल देते हुए A Drop of Sunshine डॉक्यूमेंट्री फिल्म की पृष्ठभूमि और संदेश को भी साझा किया.

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित डॉक्यूमेंट्री फिल्म A Drop of Sunshine का प्रदर्शन रहा. अपर्णा सैनीया द्वारा निर्देशित यह फिल्म तमिलनाडु के क्राइस्ट कॉलेज की छात्रा रेश्मा वल्लीअप्पन की प्रेरणादायक जीवन यात्रा को दर्शाती है.

 

कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य से जुड़े अपने अनुभव साझा किए. छात्रों ने मानसिक स्वास्थ्य को एक गंभीर और वास्तविक विषय बताते हुए समाज से सहयोग और समर्थन की आवश्यकता पर जोर दिया. इसके बाद मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कलंक को समाप्त करने के लिए शपथ भी दिलाई गई.

 

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कॉलेज के स्टाफ और छात्रों के बीच सिल्वर अवेयरनेस रिबन और जागरूकता संबंधी पर्चों का वितरण भी किया.कार्यक्रम में डॉ. फा. फ्लोरेंस पुर्ति, डॉ. नंदिता पांडेय, प्रो. जगबंधु, प्रो. सुधा, प्रो. विक्रम, प्रो. कंचिता टोप्पो सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, सहानुभूति और समावेशन के संदेश के साथ हुआ.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//