Search

 
 
 

Education News : CBSE के दावे व छात्रों की शिकायतों में विरोधाभास, सोशल मीडिया पर मांगी मदद

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल को लेकर एक तरफ बोर्ड की ओर से स्थिति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ कई छात्र लगातार तकनीकी समस्याओं की शिकायत कर रहे हैं.
 

Lagatar Desk :  केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल को लेकर बोर्ड और छात्रों के दावों में विरोधाभास देखने को मिल रहा है. जहां CBSE का कहना है कि साइबर हमलों के बावजूद पोर्टल सुचारु रूप से काम कर रहा है.

 

वहीं कई छात्र तकनीकी खामियों के कारण आवेदन नहीं कर पाने की शिकायत कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगा रहे हैं. 

 

CBSE ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि साइबर हमलों के बावजूद पोर्टल सक्रिय है और सुचारु रूप से काम कर रहा है. बोर्ड के अनुसार, सिस्टम एक समय में हजारों यूजर्स को सपोर्ट कर रहा है और बड़ी संख्या में छात्र सफलतापूर्वक आवेदन भी कर चुके हैं.

 

हालांकि, इसी पोस्ट के नीचे कई छात्रों ने कमेंट कर अपनी परेशानी साझा की है. छात्रों का कहना है कि पोर्टल पर आवेदन के दौरान बार-बार “Verification Failed” का मैसेज आ रहा है. कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि पूरी जानकारी भरने के बाद दोबारा लॉग-इन पेज खुल जा रहा है, जिससे उनका आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा है.

 

कई छात्रों ने अपनी शिकायतों में CBSE के साथ-साथ शिक्षा मंत्रालय और PMO को भी टैग कर सहायता की मांग की है. सोशल मीडिया पर छात्रों ने स्क्रीनशॉट साझा कर दावा किया है कि सही जानकारी दर्ज करने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो रही है.

 

इससे पहले CBSE ने जानकारी दी थी कि पोर्टल पर साइबर हमले और असामान्य ट्रैफिक के प्रयास हुए थे, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के जरिए सेवाएं जारी रखी गईं. बोर्ड ने यह भी कहा कि छात्रों के फीडबैक के आधार पर पोर्टल में तकनीकी सुधार और सेशन टाइम बढ़ाने जैसे कदम उठाए गए हैं.

 

CBSE ने छात्रों से अपील की है कि आवेदन करते समय लॉग-इन व आधार संबंधी विवरण सावधानी से दर्ज करें और केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करें. बोर्ड के अनुसार, सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही