Search

 
 
 

Education News : मारवाड़ी कॉलेज महिला प्रभाग में ‘वैश्विक मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता’ कार्यक्रम  आयोजित

मारवाड़ी कॉलेज के महिला प्रभाग में आज ‘वैश्विक मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. झारखंड सरकार, झारखंड राज्य युवा आयोग व आविष्कार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इसका आयोजन किया गया.
 

Ranchi : मारवाड़ी कॉलेज के महिला प्रभाग में आज ‘वैश्विक मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. झारखंड सरकार, झारखंड राज्य युवा आयोग व आविष्कार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इसका आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रभाग की प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. रंजू लाल ने की.

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, महिलाओं के स्वास्थ्य व उससे जुड़े भ्रमों के प्रति जागरूक किया.डॉ. मृणालिनी पाण्डेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए महिलाओं का मासिक धर्म के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि समाज में मासिक धर्म को लेकर कई तरह के भ्रम फैले हुए हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है.

 

मासिक धर्म शर्म नहीं बल्कि गर्व का विषय है. उन्होंने बताया कि सही समय पर जागरूकता और उपचार से इससे संबंधित कई बीमारियों से बचा जा सकता है. साथ ही पैड, मेंस्ट्रुअल कप या साफ सूती कपड़ों के उपयोग को सुरक्षित बताते हुए स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया.

 

वहीं डॉ. विनीता कुमारी ने महिलाओं में होने वाली बीमारियों जैसे PCOD, PCOS और थायरॉइड के लक्षण व बचाव के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने एग फ्रीजिंग के बारे में भी छात्राओं को बताया. उन्होंने कहा कि हार्मोनल असंतुलन से होने वाली कई समस्याओं को स्वस्थ दिनचर्या और सही खानपान के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने जवाब दिया.

 

समाजसेवी मनीषा सिंह ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं समाज का आधा हिस्सा हैं और उनका स्वस्थ रहना पूरे समाज के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने शरीर के बारे में स्वयं जागरूक होना चाहिए और किसी भी समस्या होने पर डॉक्टर से परामर्श लेने में संकोच नहीं करना चाहिए. उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्नान और खानपान से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर किया.

 

कार्यक्रम में डॉ. सुनीति नायक, डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. नूपुर सिन्हा, आविष्कार फाउंडेशन से बॉबी सिंह एवं भारती आर्या सहित कई लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन पूर्णिमा तिवारी ने किया.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही