Search

Education News : IIM रांची में रिकॉर्ड तोड़ प्लेसमेंट, EMBA छात्र को मिला 1.2 करोड़ का महापैकेज

Ranchi: IIM रांची ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अपनी फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी कर दी है. इस साल संस्थान ने प्लेसमेंट के मामले में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है. रिपोर्ट के अनुसार, एग्जीक्यूटिव एमबीए 2024-26 समर बैच के एक छात्र को 1.2 करोड़ रुपये का सर्वाधिक पैकेज मिला है.

 

वहीं एमबीए, एमबीए एचआरएम और एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स के छात्रों के डोमेस्टिक सीटीसी में पिछले साल की तुलना में 4.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. इस बार 96 कंपनियों ने विभिन्न क्षेत्रों में छात्रों को प्लेसमेंट ऑफर दिया. इससे संस्थान के बढ़ते इंडस्ट्री कनेक्शन और मजबूत पहचान का संकेत मिलता है.

 

प्लेसमेंट रिपोर्ट को 6 मई 2026 को आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव और कॉर्पोरेट रिलेशन के चेयरपर्सन प्रो राजीव वर्मा की मौजूदगी में जारी किया गया. निदेशक ने बताया कि पिछले सत्र की तुलना में छात्रों की संख्या में 31.15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. साथ ही टॉप 25 और 75 प्रतिशत छात्रों के औसत पैकेज में भी अच्छा इजाफा हुआ है. संस्थान की टीम ने 53 नई कंपनियों से संपर्क कर उन्हें प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल किया.

 

एमबीए प्लेसमेंट ड्राइव में 72.83 प्रतिशत फ्रेशर्स और 42.93 प्रतिशत छात्राएं शामिल हुईं. इस प्रोग्राम में 60 कंपनियों ने छात्रों को ऑफर दिया. एक छात्र को 52.50 लाख रुपये का सबसे ज्यादा पैकेज मिला. टॉप 25 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज 24.83 लाख रुपये रहा, जबकि कुल औसत पैकेज 19.24 लाख रुपये दर्ज किया गया. करीब 22.35 प्रतिशत छात्रों को प्री प्लेसमेंट ऑफर मिला. वहीं समर इंटर्नशिप के दौरान वजीफे में 23.12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह अधिकतम 3.69 लाख रुपये तक पहुंचा.

 

एमबीए एचआरएम प्रोग्राम में 40.54 प्रतिशत छात्रों को प्री प्लेसमेंट ऑफर मिला. इस श्रेणी में औसत पैकेज 18.86 लाख रुपये रहा. एक छात्र को 22.75 लाख रुपये का सर्वाधिक पैकेज मिला. टॉप छात्रों का औसत पैकेज 20.95 लाख रुपये और कुल औसत पैकेज 17.74 लाख रुपये रहा.

 

एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स में भी अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला. इस कोर्स के छात्रों के उच्चतम पैकेज में 22.16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. एक छात्र को 32.13 लाख रुपये का सबसे ज्यादा पैकेज मिला. टॉप 25 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज 27.81 लाख रुपये और कुल औसत पैकेज 20.99 लाख रुपये रहा. इस कोर्स में 13.16 प्रतिशत छात्रों को प्री प्लेसमेंट ऑफर मिला.

 

प्लेसमेंट ड्राइव में आईटी, बीएफएसआई, कंसल्टिंग, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और ऑटोमोबाइल सेक्टर की कंपनियों ने हिस्सा लिया. अमेजन, एसएपी लैब्स, डी ई शॉ, जेपी मॉर्गन, वेल्स फार्गो, एचएसबीसी, टाटा कैपिटल, आदित्य बिड़ला ग्रुप, एनपीसीआई, डेलॉयट, एक्सेंचर, मारुति सुजुकी और कॉग्निजेंट जैसी बड़ी कंपनियों ने छात्रों को ऑफर दिए.

 

आईआईएम रांची को हाल ही में क्यूएस एग्जीक्यूटिव एमबीए रैंकिंग 2026 में भी जगह मिली है. यह संस्थान की वैश्विक पहचान को मजबूत करता है. इसके साथ ही एग्जीक्यूटिव एमबीए 2026-28 बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//