Search

Education News : ‘क्लस्टर सिस्टम’ के खिलाफ RU के छात्रों का उग्र प्रदर्शन, आजसू-ABVP ने दी आंदोलन की चेतावनी

Ranchi :   रांची विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत लागू किए गए “क्लस्टर सिस्टम” के विरोध में आज आजसू (AJSU) और एबीवीपी (ABVP) के छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस व्यवस्था को “छात्र-विरोधी” बताया और नोटिफिकेशन की प्रतियां फाड़कर विरोध दर्ज कराया.

 

अपने सब्जेक्ट की पढ़ाई के लिए लगाने होंगे कई कॉलेजों के चक्कर

दरअसल, क्लस्टर सिस्टम के तहत अलग-अलग विषयों और स्ट्रीम की पढ़ाई अलग-अलग कॉलेजों में बांट दी गई है. इसके कारण एक ही छात्र को अपने विषयों की पढ़ाई के लिए कई कॉलेजों के चक्कर लगाने पड़ेंगे.

 

छात्रों का कहना है कि अंग्रेजी की पढ़ाई के लिए डोरंडा कॉलेज जाना पड़ेगा.  जबकि अर्थशास्त्र पढ़ने के लिए एसएस मेमोरियल कॉलेज जाना होगा. इसी तरह साइंस और आर्ट्स की कक्षाएं भी अलग-अलग संस्थानों में संचालित की जाएंगी.

 

Uploaded Image

गरीब और ग्रामीण छात्रों पर बढ़ेगा बोझ

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि नई व्यवस्था का गरीब और दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा. अलग-अलग कॉलेजों में जाने से यात्रा खर्च बढ़ेगा और समय की भी बर्बादी होगी. छात्रों के अनुसार, जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर है, उनके लिए रोज कई कॉलेजों तक पहुंचना संभव नहीं होगा. 

 

छात्राओं ने उठाया सुरक्षा का सवाल

छात्राओं ने भी इस सिस्टम का विरोध करते हुए सुरक्षा संबंधी चिंताएं जाहिर कीं. उनका कहना है कि दूर-दराज के कॉलेजों तक आने-जाने के दौरान रास्ते में मनचलों और असामाजिक तत्वों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है. 

 

Uploaded Image

इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं, फिर भी लागू कर दिया सिस्टम

छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि झारखंड में अभी पर्याप्त ट्रांसपोर्ट व्यवस्था और कॉलेज इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद नहीं है. ऐसे में क्लस्टर सिस्टम को लागू करना छात्रों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है. छात्रों का कहना है कि सरकार पहले कॉलेजों में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी दूर करे, रुकी हुई स्कॉलरशिप जारी करे और लेट चल रहे सत्र को नियमित करे. 

 

NEP के मूल उद्देश्य के खिलाफ फैसला

छात्र नेताओं ने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य मल्टीडिसिप्लिनरी शिक्षा को बढ़ावा देना है, ताकि छात्र अपनी पसंद के विभिन्न विषय चुन सकें. लेकिन क्लस्टर सिस्टम में एक कॉलेज में केवल एक स्ट्रीम रखने से NEP का मूल उद्देश्य ही खत्म हो रहा है. 

 

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक क्लस्टर सिस्टम को पूरी तरह वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. छात्र संगठनों ने कहा कि वे सड़क से सदन तक चरणबद्ध आंदोलन करेंगे. छात्रों का कहना है कि आज की स्थिति ऐसी हो गई है कि विद्यार्थी क्लासरूम से ज्यादा सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//