Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Education News : शिक्षा व्यवस्था व पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का लोकभवन घेराव

Ranchi : झारखंड में शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और लंबित नियुक्तियों के विरोध में आइसा (AISA) समेत विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले झारखंड के अलग-अलग जिलों से आए छात्रों ने आज रांची में जोरदार प्रदर्शन किया. जिला स्कूल मैदान से राजभवन तक मार्च निकालते हुए छात्रों ने राजभवन का घेराव किया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

 

 

छात्रों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पर परीक्षा संचालन में विफलता का आरोप लगाते हुए इसे भंग करने की मांग की. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई. छात्रों का कहना था कि सीबीएसई, सीयूईटी और विशेष रूप से नीट जैसी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित किया है.

 

Uploaded Image


प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी छात्र लंबे समय से आंदोलनरत हैं और झारखंड के छात्र उनके समर्थन में सड़क पर उतरे हैं.राज्य सरकार को भी छात्रों ने निशाने पर लिया. छात्रों ने आरोप लगाया कि झारखंड में जेएसएससी, पैरामेडिकल समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जबकि जेई, सिपाही, सहायक आचार्य और एलडीसी जैसी नियुक्ति प्रक्रियाएं लंबे समय से लंबित हैं.

 

छात्रों ने प्रस्तावित क्लस्टर सिस्टम, बीआईटी में 50 प्रतिशत कोटा समाप्त करने और पीजी की पढ़ाई बंद करने जैसे प्रस्तावों का भी विरोध किया. साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक शिक्षा मंत्री की नियुक्ति नहीं होना सरकार की शिक्षा के प्रति गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है.

 

छात्रों ने कहा कि वे मजबूरी में सड़कों पर उतर रहे हैं और जब तक शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी परीक्षाएं तथा लंबित नियुक्तियां पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही