Ranchi : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) के गणित विभाग के विद्यार्थियों ने IIT JAM-2026, GATE-2026 और NPTEL कोर्स में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है.छात्रों की इस उपलब्धि ने विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोधपरक माहौल और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में उत्कृष्टता को नई पहचान दिलाई है.
IIT JAM-2026 परीक्षा में आकाश राज ने ऑल इंडिया रैंक 447 हासिल की, जबकि रामाशंकर यादव ने 918वीं रैंक प्राप्त की.एम.एस. स्टैटिस्टिक्स पेपर में शक्ति कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 715 अर्जित की.इसके अलावा स्नेहा बेज, अमन सिंह तोमर और तसनीम अहमद ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन कर विभाग का नाम रोशन किया.
वहीं विभाग के छात्र विनायक पंडित ने GATE-2026 में भी सराहनीय सफलता प्राप्त की.NPTEL पाठ्यक्रमों में भी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज कीं.विनायक पंडित ने ‘Computational Mathematics with SageMath’ कोर्स में अखिल भारतीय रैंक-1 हासिल की.वहीं शाइस्ता अंवर ने ‘Exploratory Data Analysis for Data Science with R Software’ कोर्स में अखिल भारतीय रैंक-14 प्राप्त कर देश के शीर्ष 2 प्रतिशत विद्यार्थियों में जगह बनाई.
विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय विभाग के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग को दिया.विभागाध्यक्ष प्रो. प्रदीप के. परिदा समेत सभी शिक्षकों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment