Search

 
 
 

Education News : BIT Mesra में समर इंटर्नशिप प्रोग्राम का शुभारंभ, देशभर से 76 प्रतिभागी शामिल

बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा के सेंट्रल इंस्ट्रुमेंटेशन फैसिलिटी (सीआईएफ) द्वारा आयोजित समर इंटर्नशिप प्रोग्राम–2026  का उद्घाटन शनिवार को संस्थान परिसर में किया गया.
 

Ranchi : बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा के सेंट्रल इंस्ट्रुमेंटेशन फैसिलिटी (सीआईएफ) द्वारा आयोजित समर इंटर्नशिप प्रोग्राम–2026  का उद्घाटन शनिवार को संस्थान परिसर में किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन डीन ऑफ रिसर्च एंड इनोवेशन प्रो. राजू पोद्दार, डीन फैकल्टी अफेयर्स प्रो. अशोक शरण तथा सीआईएफ के सेक्शन हेड प्रो. शुभेंदु नास्कर ने संयुक्त रूप से किया.

Uploaded Image

 

देशभर के विद्यार्थियों को अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और अनुसंधान तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में इस वर्ष विभिन्न राज्यों से 76 प्रतिभागी शामिल हुए हैं.

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. राजू पोद्दार ने कहा कि सीआईएफ में उपलब्ध उन्नत वैज्ञानिक उपकरण और उनकी तकनीकें उच्च स्तरीय अनुसंधान के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को शोध के क्षेत्र में नई दिशा और अवसर प्रदान करते हैं.

 

वहीं प्रो. शुभेंदु नास्कर ने बताया कि सीआईएफ का यह समर इंटर्नशिप कार्यक्रम अब राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक आयोजन का रूप ले चुका है. इसकी बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश के विभिन्न हिस्सों से छात्र इसमें भाग लेने पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा कि सीआईएफ विद्यार्थियों और शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है.

 

प्रो. अशोक शरण ने कहा कि कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता प्रतिभागियों को मिलने वाली हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग, डेटा जनरेशन और डेटा इंटरप्रिटेशन की व्यावहारिक जानकारी है. यही पहलू इसे अन्य संस्थानों के समान कार्यक्रमों से अलग और अधिक उपयोगी बनाता है.

 

कार्यक्रम के अंत में डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. वहीं छात्र समन्वयक सोनल श्रुति ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया.संस्थान के अनुसार, यह समर इंटर्नशिप कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक और पेशेवर विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है तथा शोध और नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही