Search

 
 
 

Ranchi News : CUET परीक्षा में भारी अव्यवस्था, सर्वर फेल होने से 3 घंटे देर से शुरू हुआ एग्जाम

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) में आज बड़ी अव्यवस्था देखने को मिली. अरुमा टेक्निकल सेंटर, रांची में सुबह 9 बजे निर्धारित परीक्षा तकनीकी खामी के कारण करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई.
 

Ranchi :  नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) में आज भारी अव्यवस्था देखने को मिली. अरुमा टेक्निकल सेंटर, रांची में सुबह 9 बजे निर्धारित परीक्षा तकनीकी खामी के कारण करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई.

 

सर्वर और लिंक फेल होने से परीक्षा लगभग तीन घंटे तक प्रभावित रही, जिससे छात्रों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. चतरा और हजारीबाग सहित विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी सुबह 7 से 7:30 बजे के बीच ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे. सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी उन्हें लंबे समय तक परीक्षा शुरू होने का इंतजार करना पड़ा. 

 

Uploaded Image

 

घटना के बाद अभिभावकों ने NTA और परीक्षा केंद्र प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि यदि कोई छात्र कुछ मिनट देर से पहुंचे तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलती, लेकिन जब परीक्षा आयोजन पक्ष की ओर से तीन घंटे की देरी हुई तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा.

 

अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि सुबह से परीक्षा केंद्र प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी. बाहर मौजूद अभिभावक लगातार परीक्षा शुरू होने की जानकारी का इंतजार करते रहे, लेकिन अधिकारियों या सुरक्षा कर्मियों द्वारा स्थिति स्पष्ट नहीं की गई.

 

वहीं, कुछ लोगों ने मीडिया को भी रिपोर्टिंग से रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया. अभिभावकों का दावा है कि मीडिया के पहुंचने और मामले की जानकारी सामने आने के बाद ही केंद्र प्रशासन की ओर से परीक्षा शुरू होने की घोषणा की गई.

 

ऑनलाइन परीक्षाओं और डिजिटल सिस्टम पर बढ़ती निर्भरता के साथ सर्वर डाउन और तकनीकी खराबी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. ऐसी परिस्थितियों का सीधा असर छात्रों की मानसिक स्थिति और परीक्षा प्रदर्शन पर पड़ता हैय

 

छात्रों और अभिभावकों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और NTA से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही तकनीकी और प्रशासनिक खामियों को दूर करना जरूरी है, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो.

 

हाल के वर्षों में पेपर लीक, तकनीकी गड़बड़ियों और परीक्षा प्रबंधन से जुड़े विवादों के बीच CUET में हुई यह घटना एक बार फिर NTA की तैयारियों और परीक्षा संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही