Bokaro: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आदिवासी समाज को शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिए संगठित होना होगा. शिक्षा ही समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव का माध्यम है. मुख्यमंत्री सोमवार को बोकारो के ललपनिया में आयोजित लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है. यहां के खनिजों से देश की अर्थव्यवस्था चलती है, लेकिन जिन आदिवासियों की जमीन से खनिज निकाले जा रहे हैं, वे आज भी पिछड़े हैं. आदिवासी समाज को अपने संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा पर राज्य के लोगों की भी हिस्सेदारी होनी चाहिए. समाज के युवा शिक्षित होकर अपने समुदाय और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
लुगू बुरू में बनेगा संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में विकसित किया जाएगा. इसके लिए सरकार ने निर्णय लिया है. यहां संग्रहालय का निर्माण भी कराया जा रहा है, ताकि आदिवासी समाज की पारंपरिक और पौराणिक विरासत को संरक्षित किया जा सके. इससे नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपरा और इतिहास को समझ सकेगी. उन्होंने कहा कि इस धार्मिक स्थल का विकास लगातार किया जा रहा है और महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
मुख्यमंत्री ने सरना धर्म कोड के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में काम कर रही है. वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही जनगणना का कार्य भी शुरू होना है. ऐसे में समाज के लोगों को जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें-
तीन दिनों तक बांटा गया खिचड़ी प्रसाद
मुख्यमंत्री ने बताया कि महोत्सव में उनके दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन की स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया.
ललपनिया पहुंचने पर मुख्यमंत्री को स्थानीय प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया. समारोह में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, चमरा लिंडा, विधायक कल्पना सोरेन, सोमेश चंद्र सोरेन, उमाकांत रजक, राज्य मंत्री फागू बेसरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे. झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा, बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से भी बड़ी संख्या में प्रतिनिधि और श्रद्धालु पहुंचे थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

