Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने झारखंड राज्य वन विकास निगम (JSFDC) के एक पूर्व कर्मचारी को बड़ी राहत देते हुए उनकी सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) की उम्र 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने का आदेश दिया है. जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने 2012 में जारी सेवानिवृत्ति नोटिस को रद्द करते हुए राज्य सरकार और निगम को दो साल के बकाया वेतन (एरियर) तथा संशोधित पेंशन व ग्रेच्युटी का भुगतान 16 सप्ताह के भीतर करने का निर्देश दिया है.
क्या है पूरा मामला
याचिकाकर्ता रामेश्वर प्रसाद सिन्हा की नियुक्ति बिहार राज्य वन विकास निगम में हुई थी और राज्य विभाजन के बाद वे झारखंड राज्य वन विकास निगम (JSFDC) में कार्यरत थे. विभाग ने 5 अप्रैल 2012 को एक नोटिस जारी कर उन्हें 58 वर्ष की आयु पूरी होने पर 31 जुलाई 2012 को सेवानिवृत्त कर दिया था. इसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सेवानिवृत्ति की उम्र 60 वर्ष (31 जुलाई 2014 तक) करने की मांग की थी.
इसे भी पढ़ें -
14 साल तक लंबित रहा मामला
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि इसी तरह के एक अन्य मामले (फूलचंद मिंज बनाम झारखंड राज्य) में हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 17 नवंबर 2011 को निगम कर्मियों की रिटायरमेंट उम्र 60 वर्ष करने और सभी वित्तीय लाभ देने का आदेश दिया था. राज्य सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसके कारण यह याचिका 14 वर्षों से अधिक समय तक लंबित रही. 12 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की अपील खारिज कर खंडपीठ के फैसले को बरकरार रखा.
सरकार की दलीलें खारिज, 'नो वर्क, नो पे' का अपवाद लागू
राज्य सरकार और निगम की ओर से दलील दी गई कि दोनों राज्यों के निगमों के बीच संपत्ति और देनदारियों का अंतिम बंटवारा नहीं हुआ है तथा बोर्ड ने उम्र बढ़ाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था. अदालत ने इन दलीलों को अस्वीकार करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इस मामले में अलग रुख नहीं अपनाया जा सकता.
अदालत ने स्पष्ट किया कि चूंकि कर्मचारी काम करने का इच्छुक था और उसे समय से पहले जबरन सेवानिवृत्त कर काम करने से रोका गया, इसलिए इस मामले में 'नो वर्क, नो पे' (काम नहीं तो वेतन नहीं) का सिद्धांत लागू नहीं होगा. कोर्ट ने याचिकाकर्ता को 31 जुलाई 2014 तक सेवा में मानते हुए सभी बकाया वेतन और पुनरीक्षित सेवानिवृत्ति लाभ 16 सप्ताह के भीतर देने का आदेश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


