Palamu: शहर के पहाड़ी मुहल्ला निवासी ताहिर खान (65) की शुक्रवार शाम एमआरएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. सूचना फैलते ही दर्जनों की संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और दोषी कर्मियों व चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे.
जानकारी के अनुसार ताहिर खान लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था. शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी. इसके बाद परिजन उन्हें शाम करीब सात बजे एमआरएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया.
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन समय पर समुचित इलाज नहीं मिल सका. उनका कहना है कि मरीज को जो ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया गया था, वह खराब था और उससे ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं हो रही थी. कई बार अस्पताल कर्मियों को इसकी जानकारी देने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की गई. आरोप है कि ऑक्सीजन की कमी और लापरवाही के कारण कुछ ही देर बाद ताहिर खान की मौत हो गई.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की. लोगों का कहना था कि यदि समय पर सही इलाज और पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाती तो मरीज की जान बचाई जा सकती थी.
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से फोन पर बात कर मामले में तत्काल संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
पूर्व मंत्री ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार केवल रांची में बैठकर भाषण देने से नहीं होगा. उन्होंने कहा कि यदि परिजनों के आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसके लिए जिम्मेदार अस्पताल कर्मियों तथा चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर इलाज और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल की जिम्मेदारी है, लेकिन इस मामले में बड़ी चूक सामने आई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment