Ranchi News : झारखंड के जंगलों में हाथियों ने अपने दशकों पुराने पारंपरिक रास्ते छोड़ दिए हैं. रांची के सिल्ली-अनगड़ा कॉरिडोर में गजराज की आवाजाही अब पूरी तरह थम गई है, वहीं, दलमा से चांडिल का सीधा संपर्क भी पिछले 10 वर्षों से टूटा हुआ है. पुराने गलियारे सिमटने से हाथियों के झुंड अब राढ़ू नदी से रामगढ़ के गोला और चांडिल से पश्चिम बंगाल के मधुपुर तक नए रास्तों पर भटक रहे हैं.
इसे भी पढ़ें...
झारखंड वन विभाग, टाटा मोटर्स और जैव विविधता संरक्षण संस्था 'अरण्यक' के संयुक्त वैज्ञानिक सर्वे में यह खुलासा हुआ है. सर्वे रिपोर्ट के अध्ययन के बाद अब सिल्ली-अनगड़ा और चांडिल-माथा कॉरिडोर को नए सिरे से संवारने की रणनीति तैयार की गई है.
सिल्ली-अनगड़ा कॉरिडोर बंद, जोन्हा और सीता फॉल से भी तोड़ा नाता
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, अनगड़ा से सिल्ली की ओर हाथियों का मूवमेंट वर्तमान में बिल्कुल बंद है. इस मार्ग का इस्तेमाल आखिरी बार साल 2022 में सिर्फ एक बार 21 हाथियों के झुंड ने किया था. हाथी अब जोन्हा और सीता फॉल वाले इलाके से भी नहीं गुजरते हैं.
इसके बजाय हाथियों ने रारू नदी (महिलोंग-कालीमाटी कॉरिडोर) से तमाड़, धरमपुर, इतिहासा, अजयगढ़, बुढ़ाबेड़ा और सुरसू होते हुए रामगढ़ डिवीजन के गोला की तरफ अपना नया रास्ता बना लिया है.
चांडिल-माथा कॉरिडोर: 18 से 20 हाथियों का झुंड सितंबर से मार्च तक सक्रिय
दूसरी ओर, चांडिल-माथा कॉरिडोर सितंबर से मार्च के बीच पूरी तरह सक्रिय पाया गया है. हालांकि, सिरका और अतासीमल के रास्ते दलमा वन्यजीव अभयारण्य से इसका सीधा जुड़ाव एक दशक पहले ही खत्म हो चुका है.
वर्तमान में 18 से 20 हाथियों का झुंड चतरमा या बुरुडीह से प्रवेश कर दक्षिण व पश्चिम रूट की ओर बढ़ता है. इनका दक्षिणी मूवमेंट पनरा, चतरमा, कदला, हेबेन और गुंडा से रसुनिया तक है. वहीं, पश्चिमी मूवमेंट पनरा, चतरमा, बागरी और करका होते हुए पश्चिम बंगाल के मधुपुर तक दर्ज किया गया है.
‘प्रोजेक्ट एलीफेंट' के तहत चिह्नित हुए 24 कॉरिडोर
केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के 'प्रोजेक्ट एलीफेंट' के तहत अध्ययन क्षेत्र में कुल 24 हाथी गलियारे चिह्नित किए गए हैं. इन्हें हाथियों के सुरक्षित आवागमन और पारिस्थितिक अखंडता (इकोलॉजिकल इंटीग्रिटी) की जांच के लिए उच्च, मध्यम और निम्न (खतरे) की श्रेणी में बांटा गया है, ताकि टूटे हुए गलियारों को फिर से जोड़ा जा सके.
इन गलियारों में भरनो-बेड़ो-कर्रा, सिल्ली-अनगड़ा, महिलोंग-कालीमाटी, झालदा-बाघमुंडी, चांडिल-माथा, दलमा-चांडिल, डुमरिया-नयाग्राम और कारो-करमपदा जैसे प्रमुख कॉरिडोर शामिल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

