हर वार्ड में बढ़ेंगे सफाईकर्मी, लगेंगे नए चापानल
Dhanbad : धनबाद नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक सोमवार को हुई. इसमें शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. खासतौर पर जलापूर्ति व सफाई व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई और सुधार के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी.
वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराते हुए सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. मेयर संजीव सिंह ने बताया कि वर्तमान में विभिन्न वार्डों में सफाईकर्मियों की संख्या अलग-अलग है. कहीं 6 तो कहीं 10 तक कर्मी कार्यरत हैं. इसे बढ़ाकर प्रत्येक वार्ड में औसतन 15 करने पर जोर दिया गया है. ताकि साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके.
गर्मी के मौसम को देखते हुए जल संकट से निपटने के लिए भी अहम निर्णय लिये गये. मेयर ने बताया कि जिन वार्डों में पेयजल की समस्या अधिक है वहां चापानल लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया. इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर पांच वार्ड पर एक जोनल अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है. इन जोनल अध्यक्षों के लिए संबंधित क्षेत्र में किसी सरकारी भवन को चिह्नित कर कार्यालय व बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके.
मेयर ने कहा कि निगम शहर के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है. वार्ड पार्षद सरकार व जनता के बीच सेतु का काम करते हैं. वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं से भली-भांति परिचित होते हैं. ऐसे में उनकी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जाएंगी और समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से कार्य किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment