Search

 
 
 

झारखंड विधानसभा समितियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर, रबींद्र नाथ महतो ने की बैठक

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गुरुवार को विधानसभा स्थित समिति कक्ष में नवगठित सभी समितियों के सभापतियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष ने सभी सभापतियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की.
 

Ranchi : विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने गुरुवार को विधानसभा स्थित समिति कक्ष में नवगठित सभी समितियों के सभापतियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष ने सभी सभापतियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की.

 

अपने संबोधन में अध्यक्ष महतो ने समिति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समितियों की विशेषता यह है कि इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्य शामिल होते हैं, जो राज्य के विकास को केंद्र में रखकर अपनी भूमिका निभाते हैं.

 

अध्यक्ष ने कहा कि समितियों की रिपोर्ट के माध्यम से सामने आने वाले मुद्दों को सामान्यतः स्वीकार किया जाता है और जब ये रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत होती है, तो सरकार भी उनकी अनुशंसाओं पर गंभीरता से विचार करती है. उन्होंने यह भी कहा कि सदन में उठाए गए मुद्दों पर समितियां बाद में पैनी नजर रखती हैं और उनके निष्पादन के लिए नियमित बैठकें आयोजित करती हैं.

 

उन्होंने सुझाव दिया कि समिति की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जाएं और समितियां विभिन्न जिलों का दौरा कर स्थानीय मुद्दों का समाधान करें, ताकि जनकल्याण से जुड़े विषयों का प्राथमिकता के साथ निपटारा हो सके.

 

बैठक के दौरान अध्यक्ष ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि सभी विभागों के संबंधित पदाधिकारी समिति की बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और समिति के निर्देशों के त्वरित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें. इस बैठक में विभिन्न समितियों के सभापतियों के अलावा झारखंड सरकार के मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव और महालेखाकार भी उपस्थित रहे.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही