Giridih News: बिहार-झारखंड सीमा से सटे इलाके में सड़क निर्माण कंपनी के कर्मी मंजेश कुमार की हत्या का मामला सामने आया है. मंगलवार सुबह बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरातरी जंगल के पास उसका शव बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, मंजेश के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के मुताबिक, मंजेश कुमार रविवार को तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक पंचायत में सड़क निर्माण कार्य में लगे थे. इसी दौरान बाइक सवार कुछ लोगों द्वारा उसे अपने साथ ले जाने की बात सामने आई. इसके बाद परिजनों ने तिसरी थाना में शिकायत दर्ज कर उसकी तलाश की मांग की.
मामले की जांच के लिए खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की.
इसी बीच दलपतडीह/भोगताडीह निवासी पिंटू यादव के खोरीमहुआ एसडीपीओ के समक्ष सरेंडर करने की जानकारी मिली. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बिहार सीमा से लगे जंगल में तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान पिपरातरी जंगल के पास मंजेश कुमार का शव बरामद हुआ.
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. हत्या के पीछे की वजह क्या है और वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

