Lagatar Desk : शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'कॉकटेल 2' बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है. फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बावजूद फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.रिलीज के महज तीन दिनों के भीतर फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये के करीब पहुंचते हुए वर्ल्डवाइड में 100 करोड़ क्लब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं.

तीसरे दिन भी बरकरार रहा कमाई का दम
बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को करीब 17.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 47.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन लगभग 57 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. तीन दिनों में 'कॉकटेल 2' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 76.26 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. अब ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजर फिल्म के सोमवार के प्रदर्शन पर टिकी हुई है, जो इसके आगे के बॉक्स ऑफिस सफर को तय करेगा.
'कॉकटेल 2' में क्या है खास?
साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'कॉकटेल' की स्पिरिचुअल सीक्वल मानी जा रही 'कॉकटेल 2' में इस बार शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म की शूटिंग लंदन और केप टाउन की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है, जो इसकी विजुअल अपील को और बढ़ाती है.
प्रेम, भरोसे और रिश्तों की उलझनों की कहानी
फिल्म की कहानी कुणाल, दीया और एली के इर्द-गिर्द घूमती है. कुणाल और दीया लंबे समय से रिश्ते में हैं, लेकिन शादी को लेकर दोनों के विचार पूरी तरह एक जैसे नहीं हैं. छुट्टियों के दौरान उनकी मुलाकात दीया की दोस्त एली से होती है, जिसके बाद तीनों की जिंदगी में कई भावनात्मक और अप्रत्याशित मोड़ आते हैं.
दीया को यह शक सताने लगता है कि कुणाल उससे प्यार की वजह से नहीं, बल्कि परिस्थितियों के दबाव में शादी करना चाहता है. इसी सच को जानने के लिए वह अपनी दोस्त एली की मदद लेती है. इसके बाद रिश्तों, भावनाओं और भरोसे की यह कहानी किस दिशा में जाती है, यही फिल्म का मुख्य आकर्षण है.
100 करोड़ क्लब की ओर तेज रफ्तार
पहले वीकेंड के आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि 'कॉकटेल 2' आने वाले दिनों में 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने वाली अगली बड़ी फिल्म बन सकती है. यदि सोमवार को भी फिल्म की कमाई स्थिर रहती है, तो इसका बॉक्स ऑफिस सफर और मजबूत हो सकता है.


Leave a Comment