Lagatar Desk: रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में इन दिनों ड्रामा बढ़ता जा रहा है. हाल ही में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर अपूर्वा मखीजा की एंट्री हुई है, जिसके बाद शो का माहौल और भी गर्म हो गया है.इसी बीच मेकर्स ने शो का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें हर्षद चोपड़ा, शिवांगी जोशी और शिल्पा शिंदे के बीच जबरदस्त बहस देखने को मिल रही है.
प्रोमो में दिखाया गया है कि शिल्पा शिंदे बार-बार हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी को 'लव बर्ड्स' कहकर बुलाती हैं. यह बात दोनों को बिल्कुल पसंद नहीं आती. पहले शिवांगी इस पर नाराजगी जताती हैं, जिसके बाद हर्षद भी अपना आपा खो बैठते हैं.
हर्षद चोपड़ा गुस्से में कहते हैं,आपने शायद कभी सच्ची दोस्ती नहीं देखी है. हर बात में 'लव बर्ड्स' कहना बंद कीजिए. मैं सिर्फ उसका दोस्त हूं.वहीं शिवांगी भी पलटवार करते हुए कहती हैं कि जिसके दिमाग में गंदगी भरी हो, वही ऐसी बातें करता है.इसके बाद हर्षद और शिल्पा के बीच तीखी बहस छिड़ जाती है.
हर्षद के सपोर्ट में दिखीं अपूर्वा मखीजा
वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट अपूर्वा मखीजा ने भी इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी. प्रोमो में वह हर्षद के गुस्से और बेबाक अंदाज की तारीफ करती नजर आती हैं. उन्होंने हर्षद को शेर बताते हुए उनके रवैये की सराहना की. अपूर्वा के हावभाव से साफ दिख रहा था कि उन्हें हर्षद का यह रूप काफी पसंद आया.
शो का यह प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी दर्शक जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोग हर्षद और शिवांगी का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ दर्शक शिल्पा शिंदे के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment