Lagatar Desk : साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की स्टारर फिल्म 'जन नायकन' रिलीज को तैयार है. जो 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. रिलीज से ठीक पहले मेकर्स ने फिल्म का दमदार टीजर जारी किया है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है. महज 18 सेकंड के इस टीजर में विजय का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिलता है.
टीजर में दिखा पुलिस अफसर से मुख्यमंत्री तक का सफर
टीजर में विजय दुश्मनों पर गोलियां बरसाते और तलवार से लड़ते नजर आते हैं. उनके कई अलग-अलग लुक भी देखने को मिलते हैं. कभी वह पुलिस की वर्दी में दिखाई देते हैं, तो कभी जेल की वर्दी में. टीजर का सबसे खास पल वह है, जब विजय जेल की वर्दी से निकलकर सफेद कमीज और जैकेट पहनकर मुख्यमंत्री के लुक में नजर आते हैं. यह सीन फैंस के बीच सबसे ज्यादा चर्चा में है.
फैंस ने लुटाया प्यार
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. फैंस विजय के एक्शन, स्क्रीन प्रेजेंस और मुख्यमंत्री वाले लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई प्रशंसकों का कहना है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना सकती है. अभिनेता से राजनेता बनने के विजय के सफर को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित हैं.
23 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म
'जन नायकन' का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है, जबकि इसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस ने किया है. फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, मामिता बैजू, प्रकाश राज और प्रियमणि अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी 2023 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म 'भगवंत केसरी' से प्रेरित है, जिसमें कुछ बदलाव किए गए हैं.
रिलीज से पहले आई कई चुनौतियां
'जन नायकन' विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद रिलीज होने वाली पहली फिल्म है. पहले इसे पोंगल के मौके पर रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने में देरी के कारण इसकी रिलीज टालनी पड़ी. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिल्म को आखिरकार 'A' सर्टिफिकेट मिला.इन चुनौतियों के बावजूद फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है.


Leave a Comment