Lagatar Desk : सूर्या और तृषा कृष्णन की सुपरहिट फिल्म ‘करुप्पु’ ने सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डवाइड में 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है. अब यह फिल्म जल्द ही OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म को OTT पर हिंदी, मलयालम और कन्नड़ में भी स्ट्रीम किया जाएगा.निर्देशक आरजे बालाजी की फैंटेसी-एक्शन फिल्म ‘करुप्पु’ 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. थिएटर में शानदार सफलता हासिल करने के बाद अब यह फिल्म 12 जून 2026 से अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी.
OTT रिलीज के साथ फिल्म का तमिल संस्करण तो उपलब्ध रहेगा ही, साथ ही हिंदी, मलयालम और कन्नड़ डब वर्जन भी दर्शकों को देखने को मिलेंगे. वहीं, इसका तेलुगू संस्करण ‘वीरभद्रुडु’ नाम से 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिलीज किया जाएगा.
21 साल बाद साथ नजर आए सूर्या और तृषा
‘करुप्पु’ के जरिए सूर्या और तृषा कृष्णन ने करीब 21 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ वापसी की है. इससे पहले दोनों वर्ष 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘आरू’ में साथ दिखाई दिए थे. उनकी जोड़ी को दर्शकों ने एक बार फिर खूब पसंद किया है.
बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन
ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का बजट लगभग 140 करोड़ बताया गया है. रिलीज के 24 दिनों के भीतर फिल्म ने भारत में 193.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 304.15 करोड़ तक पहुंच गया.फिल्म में सूर्या और तृषा के अलावा निर्देशक आरजे बालाजी भी अहम भूमिका में हैं. इनके साथ इंद्रन्स, नट्टी सुब्रमण्यम, स्वासिका, शिवदा और सुप्रीत रेड्डी ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं.
क्या है ‘करुप्पु’ की कहानी?
‘करुप्पु’ एक फैंटेसी, माइथोलॉजिकल और कोर्टरूम ड्रामा है, जिसमें न्याय और भ्रष्ट व्यवस्था के बीच संघर्ष को दिखाया गया है.कहानी एक गरीब पिता और उसकी बीमार बेटी के इर्द-गिर्द घूमती है. बेटी को लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत है और इलाज के लिए पिता अपने गहने बेचने चेन्नई पहुंचता है. लेकिन रास्ते में उसके गहने चोरी हो जाते हैं. जब वह कानूनी मदद के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाता है, तो उसे न्याय की जगह भ्रष्टाचार और शोषण का सामना करना पड़ता है.
निर्माता को OTT पर भी बड़ी सफलता की उम्मीद
फिल्म के निर्माता एआर प्रभु का कहना है कि ‘करुप्पु’ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी कहानी और मनोरंजन का बेहतरीन मिश्रण है. जिस तरह दर्शकों ने इसे सिनेमाघरों में प्यार दिया, हमें उम्मीद है कि OTT पर भी फिल्म को वैसी ही ब्लॉकबस्टर सफलता मिलेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment