Search

 
 
 

Ind Vs WI 2nd T20: भारत का 249 रन का पहाड़ भी पड़ा बौना, शाई होप के तूफानी शतक से वेस्टइंडीज ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

Ranchi News: होप ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 45 गेंदों में 5 चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन ठोके. दूसरे छोर से रदरफोर्ड ने और भी ज्यादा विध्वंसक रुख अपनाते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 7 चौकों और 7 छक्कों की बदौलत 94 रनों की तूफानी पारी खेली.
 
जेएससीए क्रिकेट ग्राउंड

Ranchi News: रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए हाई-स्कोरिंग दूसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 6 विकेट से शिकस्त दी है. भारतीय टीम द्वारा दिए गए 250 रनों के विशाल लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 19.3 ओवर में ही 4 विकेट खोकर (252/4) हासिल कर लिया और 3 गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर ली. इस जीत के असली सूत्रधार कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड रहे, जिनकी आतिशी बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए.

 

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. कामिल पूरन (4 रन) और शिमरॉन हेटमायर (0 रन) सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने मैदान पर चौकों-छक्कों की सुनामी ला दी. होप ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 45 गेंदों में 5 चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन ठोके. दूसरे छोर से रदरफोर्ड ने और भी ज्यादा विध्वंसक रुख अपनाते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 7 चौकों और 7 छक्कों की बदौलत 94 रनों की तूफानी पारी खेली. अंत में रोमारियो शेफर्ड ने भी 15 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाकर टीम की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी.

इसे भी पढ़ें: 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने संजू सैमसन (82 रन), तिलक वर्मा (नाबाद 44) और ईशान किशन (43 रन) की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 249 रन बनाए थे, लेकिन भारतीय गेंदबाज इस बड़े स्कोर का बचाव करने में नाकाम रहे. मयंक यादव (2 विकेट), कुलदीप यादव (1 विकेट) और नमन धीर (1 विकेट) को छोड़कर किसी भी गेंदबाज को सफलता नहीं मिली. अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और शिवम दुबे कैरेबियाई बल्लेबाजों के आगे संघर्ष करते दिखे; विशेष रूप से अक्षर पटेल ने अपने 3.3 ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 63 रन लुटा दिए.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.   

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही