Search

 
 
 

बाबाधाम में स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा इंतजाम, श्रावणी मेले के लिए 4 करोड़ से अधिक की मंजूरी

Ranchi : श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने देवघर और दुमका जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए 4 करोड़ 8 लाख रुपये के बजट की स्वीकृति दी है.
 

Ranchi : श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने देवघर और दुमका जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए 4 करोड़ 8 लाख रुपये के बजट की स्वीकृति दी है.

 

इस संबंध में विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आदेश जारी कर दिया है. स्वीकृत राशि में सबसे बड़ा हिस्सा देवघर जिले को दिया गया है, जहां श्रावणी मेले का मुख्य आयोजन होता है. विभागीय आदेश के अनुसार देवघर जिले को 3 करोड़ 30 लाख रुपये और दुमका जिले को 78 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं.

 

यह राशि चिकित्सा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मदों में खर्च की जाएगी. इसमें चिकित्सा आपूर्ति के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये, आपूर्ति एवं सामग्री के लिए 60 लाख रुपये, कार्यालय उपकरण के लिए 50 लाख रुपये, कार्यालय व्यय के लिए 25 लाख रुपये और मोटरगाड़ी, ईंधन और मरम्मत के लिए 23 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं.

 

स्वास्थ्य विभाग ने दवाओं की खरीद में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत दवा खरीद के लिए ई-टेंडर या सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल का उपयोग अनिवार्य किया गया है.

 

सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया है कि अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं की सूची सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को दवाओं की उपलब्धता की जानकारी मिल सके.

 

विभाग ने विशेष रूप से सांप के काटने और कुत्ते के काटने की स्थिति में उपयोग होने वाली दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है. इसके अलावा आवश्यक और मौसमी बीमारियों से संबंधित दवाओं का भी पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए गए हैं.

 

आदेश में यह भी कहा गया है कि खरीदी जाने वाली दवाओं की शेल्फ लाइफ कम से कम 80 प्रतिशत होनी चाहिए, ताकि दवाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता बनी रहे.

 

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस अतिरिक्त बजट से श्रावणी मेले के दौरान देवघर और दुमका में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता भी मजबूत होगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही