Search

 
 
 

धनबाद सीओ से व्हाट्सऐप पर एक करोड़ रंगदारी मांगी, गोली मारने की भी धमकी दी

Dhanbad News :  धनबाद सीओ रामप्रवेश कुमार के व्हाट्सऐप नंबर पर एक मैसेज आया. इसमें एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई और रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई. धनबाद थाना में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
 
रंगदारी

Dhanbad News :  धनबाद के अंचल अधिकारी (सीओ) रामप्रवेश कुमार से व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई है. पैसे नहीं देने पर गोली मारने की भी धमकी दी गई है. ​सीओ की शिकायत पर धनबाद थाना में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

 

SBI राजगंज शाखा के खाते में मांगी गई रकम

​अंचल अधिकारी ने पुलिस को सौंपी गई अपनी लिखित शिकायत में बताया है कि 14 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज आया. ​मैसेज भेजने वाले आरोपी ने 1 करोड़ की रंगदारी मांगी. उसने रंगादारी के पैसे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की राजगंज शाखा के एक निर्दिष्ट बैंक अकाउंट में जमा करने को कहा.​ रकम नहीं देने पर सीओ को गोली मारने की धमकी दी गई है. उन्होंने पुलिस को व्हाट्सऐप मैसेज का स्क्रीनशॉट दिया है और आरोपी के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

 

बिहार से जुड़ा है मोबाइल नंबर, फर्जी सिम का संदेह

​मामले की शुरुआती जांच में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. जिस मोबाइल नंबर से धमकी भरा संदेश भेजा गया था, वह बिहार का बताया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, यह नंबर 9 दिन पहले तक सक्रिय था और उसी दौरान इससे आखिरी बार बातचीत की गई थी. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. पुलिस को अंदेशा है कि इस सिम कार्ड को खरीदने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया होगा.

 

जांच में जुटी पुलिस

​मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद पुलिस की विशेष टीम सक्रिय हो गई है. पुलिस फिलहाल ​संबंधित मोबाइल नंबर की टावर लोकेशन ट्रैक कर रही है.​ साथ ही पुलिस मैसेज में दिए गए SBI बैंक अकाउंट नंबर की डिटेल्स और अकाउंट होल्डर की जानकारी खंगाल रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को चिह्वित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही