Ranchi News: धुर्वा डैम स्थित सीठियो छठ घाट पर दुकान आवंटन और खरीद-बिक्री के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है. इस संबंध में नवयुवक संघ दुर्गा पूजा सह छठ पूजा समिति, वीर एकलव्य क्लब धुर्वा ने जिला प्रशासन से शिकायत की है और मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
समिति की ओर से उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता (एनडीसी) और धुर्वा थाना प्रभारी को आवेदन दिया गया है. आवेदन में लिखा गया है कि सीठियो गांव के एक व्यक्ति के द्वारा घाट परिसर में 10×10 फीट की एक जगह उपलब्ध कराने के नाम पर कथित तौर पर 5 हजार रुपए की वसूली की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:
समिति के अध्यक्ष रवि शंकर और राजन कुमार ने बताया कि छठ लोक आस्था का महापर्व है. इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं. ऐसे में घाट परिसर में दुकानों के आवंटन के नाम पर वसूली से आम लोगों और छोटे दुकानदारों पर आर्थिक बोझ पड़ सकता है.
समिति ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि छठ घाट पर होने वाली व्यवस्थाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है. समिति चाहती है कि घाट परिसर में दुकानों का आवंटन प्रशासनिक निगरानी में हो, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता और आर्थिक शोषण की स्थिति उत्पन्न न हो. समिति ने जिला प्रशासन से पूरे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

