Saraikela News: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित इफ्को मेटल्स एंड पाउडर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मंगलवार को न्यूनतम वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया. मजदूर सुबह से ही कंपनी गेट के बाहर धरने पर बैठ गए.
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि कंपनी उनसे काम तो ले रही है, लेकिन उन्हें न्यनतम मजदूरी का भुगतान नहीं हो रहा है. मजदूरों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें:
वहीं, कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि कंपनी में सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन दिया जा रहा है. प्रबंधन के अनुसार, मजदूरों को समय पर भुगतान के साथ सभी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं. प्रबंधन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मजदूरों को बहकाकर कंपनी में विवाद पैदा कर रहे हैं और उत्पादन कार्य को बंद कराने की कोशिश कर रहे हैं.
कंपनी प्रबंधन का कहना है कि न्यूनतम वेतन से जुड़ा मामला पहले से ही डीएलसी कार्यालय में विचाराधीन है. ऐसे में मामले की सुनवाई पूरी होने से पहले धरना-प्रदर्शन करना उचित नहीं है. प्रदर्शन के कारण कंपनी का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है. प्रबंधन ने यह भी दावा किया कि कंपनी सभी कर्मियों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर के अनुसार भुगतान कर रही है.
मामले को लेकर कंपनी की ओर से जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, श्रम कार्यालय और संबंधित थाना में लिखित आवेदन दिया गया है. प्रबंधन ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे विरोध और कथित मनमानी से कंपनी के कामकाज पर असर पड़ रहा है तथा कंपनी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. कंपनी प्रबंधन ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

