Search

 
 
 

कौन दे रहा है ई-मेल से विस्फोट की फर्जी धमकी! पुलिस पकड़ क्यों नहीं पा रही!

झारखंड में इन दिनों सिविल कोर्ट और कई अहम संस्थानों को लगातार फर्जी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं. इन धमकियों ने पूरे राज्य में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. हर बार ई-मेल मिलने के बाद कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी मच जाती है, पुलिस और बम निरोधक दस्ता पहुंचकर घंटों तलाशी अभियान चलाते है और अंत में मामला “फर्जी” बताकर खत्म कर दिया जाता है.
 

Ranchi : झारखंड में इन दिनों सिविल कोर्ट और कई अहम संस्थानों को लगातार फर्जी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं. इन धमकियों ने पूरे राज्य में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. हर बार ई-मेल मिलने के बाद कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी मच जाती है, पुलिस और बम निरोधक दस्ता पहुंचकर घंटों तलाशी अभियान चलाते है और अंत में मामला “फर्जी” बताकर खत्म कर दिया जाता है.

 

हालांकि सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर धमकी देने वाले लोगों तक पुलिस अब तक क्यों नहीं पहुंच पाई. साइबर अपराध से निपटने के नाम पर राज्य में हर साल करोड़ों रुपये खर्च होने का दावा किया जाता है, लेकिन बार-बार ई-मेल भेजकर पूरे सिस्टम को चुनौती देने वाले अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं.

 

पिछले कुछ महीनों में रांची, धनबाद, बोकारो, जामताड़ा और जमशेदपुर जैसे जिलों के अदालत परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं. इन घटनाओं के कारण कई बार अदालतों का कामकाज प्रभावित हुआ और आम लोगों में डर का माहौल बन गया.

 

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अब झारखंड पुलिस की साइबर क्षमता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. लोग पूछ रहे हैं कि जब बार-बार फर्जी ई-मेल से धमकियां दी जा रही हैं, तो आखिर इन्हें भेजने वालों तक पहुंचने में इतनी देरी क्यों हो रही है. फिलहाल स्थिति यह है कि धमकियां जारी हैं, जांच जारी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर नतीजा अब भी शून्य नजर आ रहा है.

 
इन जिलों में मिली है फर्जी ई-मेल से बम से उड़ाने की धमकी

1. 4 फरवरी 2026 – रांची, सिविल कोर्ट

कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई. सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता ने पूरे परिसर की सघन जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला.


2. 12 फरवरी 2026 – रांची, समाहरणालय (कलेक्ट्रेट)

जिला समाहरणालय को ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई. सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत भवन खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया. बाद में जांच में धमकी फर्जी पाई गई.

 

3. 25 फरवरी 2026 – धनबाद, सिविल कोर्ट

धनबाद व्यवहार न्यायालय को ई-मेल भेजकर बम लगाने की बात कही गई. प्रशासन ने कोर्ट परिसर खाली कराया और सुरक्षा बलों ने कई घंटे तक तलाशी ली.


4. 7 मार्च 2026 – रांची, पासपोर्ट कार्यालय

रांची के पासपोर्ट कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली. एहतियात के तौर पर कार्यालय को खाली कराया गया और बम स्क्वॉड ने जांच की.


5. 9 मार्च 2026 – बोकारो, जिला एवं व्यवहार न्यायालय

कोर्ट के ई-मेल पर धमकी दी गई कि परिसर में कई बम लगाए गए हैं. सूचना के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर तलाशी अभियान चलाया गया.


6. 10 मार्च 2026 – जामताड़ा, सिविल कोर्ट

जामताड़ा सिविल कोर्ट को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली. पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुटा.


7. 10 मार्च 2026 – जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), XLRI संस्थान

जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI को ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी मिली. प्रशासन ने तुरंत कैंपस खाली कराया और पुलिस ने सुरक्षा जांच की.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही