- मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार
Palamu News : पलामू के रहने वाले एक युवक पर फर्जी IPS अधिकारी बनकर बिहार पुलिस को झांसे में लेने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि फर्जी IPS ने औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस के साथ मिलकर एनएच-139 पर वाहनों की जांच कराई और छापेमारी भी की.
पुलिस को शक होने के बाद वह मौके से फरार हो गया. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसके चालक पिंटू कुमार और उसके एक सहयोगी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही फर्जी IPS के कब्जे में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है.
इसे भी पढ़ें
बताया जाता है कि फर्जी IPS ने नगर थाना (औरंगाबाद) के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर खुद को प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताया और छापेमारी के लिए पुलिस बल की मांग की. उसके झांसे में आकर नगर थाना की गश्ती टीम उसके साथ चली गई. इसके बाद उसने जसोइया मोड़ से सीमेंट फैक्ट्री तक वाहनों की जांच कराई. इस दौरान उसने कई लोगों से पूछताछ भी की.
इसी दौरान अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन की तरफ से आ रहे एक टेंपो को रोककर उसमें सवार तीन लोगों से पूछताछ की गई. इनमें पलामू के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के दो युवक भी शामिल थे. फर्जी IPS ने इनमें से दो युवकों को अपनी स्कॉर्पियो में बैठा लिया और मदनपुर की ओर ले जाने लगा.
दोनों युवकों के एक रिश्तेदार, जो झारखंड पुलिस में दारोगा हैं, को इसकी जानकारी मिली. उन्होंने दोनों के मोबाइल से फर्जी IPS से बातचीत की और अपना परिचय दिया. पुलिस अधिकारी से बातचीत होते ही फर्जी IPS को अपनी पहचान खुलने का अंदेशा हो गया. इसके बाद उसने दोनों युवकों को कामा बिगहा के पास उतार दिया और खुद पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया.
मामले की जानकारी मिलते ही औरंगाबाद एसपी ने सभी थानों को अलर्ट कर दिया. पुलिस को सूचना मिली कि फर्जी IPS स्कॉर्पियो से पलामू की ओर भाग रहा है. उसने एरका चेकपोस्ट के पास पुलिस की जांच देखकर स्कॉर्पियो वही छोड़ दी और मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन के चालक पिंटू कुमार और उसके एक सहयोगी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने स्कॉर्पियो के कागजात की जांच की तो वाहन पटना के रामकृष्णानगर निवासी संजय कुमार मिश्रा के नाम से पंजीकृत मिला. पुलिस अब फर्जी IPS की पहचान, उसके नेटवर्क और इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस की टीम पलामू समेत संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

