Ranchi News: नगर निगम में टैक्स कलेक्शन करने वाली एजेंसी का एग्रीमेंट खत्म होने के बाद शहर के विभिन्न वार्डों में फर्जी टैक्स कलेक्टर के घूमने और लोगों से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है. ऐसे लोग खुद को नगर निगम का टैक्स कलेक्टर बताकर घरों तक पहुंच रहे हैं और मोबाइल पर बकाया होल्डिंग टैक्स व वाटर टैक्स का बिल दिखाकर राशि वसूल रहे हैं. मामले की शिकायत नगर निगम में भी की गई है.
इसे भी पढ़ें:
स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड 31 में अब तक करीब छह से सात लोगों से टैक्स कलेक्टर बनकर पैसे लिए जाने की बात सामने आई है. फर्जी कलेक्टर लोगों को बकाया राशि कम या माफ कराने का भरोसा भी दे रहे हैं. मोबाइल में नगर निगम का बिल और बकाया राशि दिखाने के कारण लोग उनकी बातों पर विश्वास कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि, ये लोग इलाके और लोगों की जानकारी रखते हैं. मोहल्ले में पहुंचने के बाद वे लोगों से काफी सहज तरीके से बातचीत करते हैं. मोबाइल फोन पर लोगों को चाचा-चाची कहकर बातचीत करते हैं और परिवार के सदस्यों के नाम तक बता देते हैं. इसके बाद मोबाइल में नगर निगम का बिल निकालकर होल्डिंग नंबर और बकाया राशि दिखाते हैं. विश्वास में लेने के बाद बकाया राशि जमा कराने के नाम पर पैसे ले लेते हैं.
वार्ड पार्षद सुनील यादव ने बताया कि कई लोगों ने मौखिक रूप से होल्डिंग टैक्स और वाटर बिल कलेक्टर के संबंध में शिकायत की है. हालांकि, कौन लोग इलाके में घूमकर पैसे वसूल रहे हैं, इसकी जानकारी नहीं है.
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी नगर निगम को भी दी गई है.स्थानीय लोगों ने नगर निगम से ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने और टैक्स जमा कराने के लिए अधिकृत माध्यम की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि लोग ठगी का शिकार होने से बच सकें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

