Search

 
 
 

झरिया में नाले में मिला भ्रूण, जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है
 

Dhanbad : झरिया में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. झरिया थाना क्षेत्र के शिव मंदिर रोड स्थित नाले से सोमवार को करीब चार महीने का भ्रूण बरामद किया गया. नाले के पास रहने वाले लोगों ने जब भ्रूण को देखा तो इसकी सूचना झरिया पुलिस को दी. झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से भ्रूण को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला की प्रीमैच्योर डिलीवरी या गैरकानूनी गर्भपात के बाद इस भ्रूण को नाले में फेंक दिया गया होगा.

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. वहीं, इस घटना पर समाजसेवी सुनील तुलस्यान ने रोष जताते हुए कहा कि यह झरिया के लिए बेहद शर्मनाक घटना है. भ्रूण लगभग तीन से चार महीने का प्रतीत होता है और उसके सभी अंग विकसित अवस्था में थे. यह आशंका जताई जा रही है कि मामला गैरकानूनी गर्भपात का हो सकता है जिसमें किसी निजी अस्पताल या मेडिकल सेंटर की भूमिका भी हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही