Ranchi News: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पुलिस सहायता एवं कल्याण कोष से सहायता 2 करोड़ से अधिक राशि स्वीकृत किए जाने को लेकर सूची जारी की है. 27 अगस्त 2026 को हुई झारखंड पुलिस सहायता एवं कल्याण कोष की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर यह सूची जारी की गई है.
पत्र के साथ करीब 28 पन्नों की सूची संलग्न की गई है, जिसमें पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से संबंधित बीमारी और इलाज के मामलों का उल्लेख है. सूची में संबंधित कर्मी का पद, नाम, जिला या इकाई, संबंध, बीमारी का विवरण, इलाज में खर्च हुई राशि और समिति की ओर से स्वीकृत सहायता राशि का विवरण दिया गया है.
इसे भी पढ़ें -
जारी सूची के अनुसार कई पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत की गई है. इसमें रांची से संबंधित वर्षा कुमारी को किडनी संबंधी बीमारी के इलाज के लिए 10 हजार रुपये, लोहरदगा के रामजी ठाकुर को पैर फ्रैक्चर होने के कारण इलाज के लिए 65 हजार रुपये, झारखंड जगुआर एसटीएफ के अमित कुमार को इलाज के लिए 20 हजार रुपये और झारखंड जगुआर एसटीएफ के सुरेंद्र कुमार को इलाज के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत किए जाने का उल्लेख है.
पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को सूची के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. साथ ही सूची को झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर अपलोड करने और स्थानांतरित कर्मियों से संबंधित अनुदान राशि उनके नवपदस्थापित जिला या इकाई को भेजने का निर्देश दिया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

