Jamshedpur News: टाटा मोटर्स के कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर कंपनी के गेटों पर प्रदर्शन करना अब आंदोलनकारियों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है. कंपनी प्रबंधन ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए मजदूर नेता बंटी सिंह समेत 18 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. कंपनी के सुरक्षा अधिकारी शिवाकांत सिंह के लिखित बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने सुनियोजित तरीके से आंदोलन करते हुए टाटा मोटर्स के पांच प्रमुख गेटों को जाम कर दिया था. इससे कंपनी में कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हुई और कामकाज पर भी असर पड़ा. प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की.
इसे भी पढ़ें:
गौरतलब है कि कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद उनके परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर कंपनी गेट पर करीब पांच दिनों तक प्रदर्शन चला था. इस दौरान कंपनी के पांच प्रमुख गेटों पर आवागमन बाधित रहा और लगातार हंगामे की स्थिति बनी रही.
इस मामले में नामजद आरोपियों में बंटी सिंह, भीम कामत, अनिल कुमार, जय प्रकाश सिंह, प्रेम कुमार, बिट्टू सिंह, कल्लू रजक, धीरज वर्मा, गुरविंदर सिंह उर्फ राजा, अप्पू तिवारी, सन्नी ठाकुर, अविनाश झा उर्फ गबरू, निखिल राज, बजानंद पाठक, जय राम सेरेंग, पिंकी सिंह और संगीता कुमारी सहित अन्य शामिल हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

