Hazaribagh News: दीपावली की खुशियों के बीच चौपारण प्रखंड के इंगुनिया मोड़ स्थित दीपाली एंटरप्राइजेज में शॉर्ट सर्किट से भीषण लग गई. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दुकान में रखे कमड़े समेत अन्य सामान जलकर राख हो गये. इस घटना में दुकानदार को लाखों की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है.
घटना के संबंध में दुकान के प्रोपराइटर सुधांशु सिंह ने बताया कि दीपावली की रात दुकान में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद वे बगल की एक दुकान में गए थे. इसी दौरान उनकी नजर अपनी दुकान से निकल रहे धुएं पर पड़ी. अनहोनी की आशंका होते ही वे तत्काल दुकान पहुंचे और शटर खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. देखते ही देखते दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए.
इसे भी पढ़ें:
सुधांशु सिंह के अनुसार, इस अगलगी में दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया है. इससे उन्हें लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है. दीपावली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस घटना ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. जिस दुकान में त्योहार को लेकर कारोबार की उम्मीदें थीं, वहां कुछ ही देर में सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

