Ranchi : बुढ़मू के छापर गांव में बालू घाट पर अपराधियों ने गोलीबारी और आगजनी की है. जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने बालू घाट पर करीब 8 से 10 राउंड गोली चलाई. इसके बाद बालू लोडिंग में लगी जेसीबी को आग के हवाले कर दिया. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं की है. खलारी के डीएसपी रामनारायण चौधरी ने बताया कि फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है, जेसीबी में आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है.
सुधीर-राजू पर बातों को नजरअंदाज करने का आरोप
इधर, वारदात के बाद गैंगस्टर राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली है. पोस्ट में दावा किया गया कि बालू घाट पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं और लोडर में आग लगा दी गई. सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में आरोप लगाया गया कि सुधीर सिंह और राजू राय ने गैंग की बातों को नजरअंदाज किया. इसी वजह से बालू घाट पर गोलीबारी और आगजनी की गई है.
इसे भी पढ़ें
समझौता होने तक बालू घाट पर काम बंद रखने की चेतावनी
पोस्ट में बालू कारोबार से जुड़े लोगों को समझौता होने तक बालू घाट पर काम बंद रखने की चेतावनी दी गई है. गैंग ने घाट पर काम करने वाले कर्मचारियों, मुंशी और ड्राइवरों को भी धमकी दी है. इसके अलावा कोयला, बालू और जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों के परिवार के सदस्यों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी मिली है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने के बाद खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी और बुढ़मू पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. खलारी के डीएसपी रामनारायण चौधरी ने बताया कि बालू घाट पर फायरिंग की घटना की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है. वहीं जेसीबी में आग लगने की घटना शॉर्ट सर्किट के कारण भी हो सकती है.
पुलिस के मुताबिक, राहुल दुबे गैंग लातेहार से अपना नेटवर्क संचालित करता है. यह गैंग पर इलाके के बड़े ठेकेदारों और कारोबारियों से लेवी मांगता है. ऐसे में बालू घाट पर हुई घटना और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने के दावे को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है. हालांकि, इस घटना में गैंग की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
फिलहाल, छापर बालू घाट पर फायरिंग और जेसीबी में आग लगने की घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं. पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे आपराधिक साजिश थी या जेसीबी में आग लगने की वजह कुछ और थी.

