Ranchi: राजधानी रांची में माह-ए-रमजान के पहले जुम्मे की नमाज आज शुक्रवार को सभी मस्जिदों में अदा की गई. नमाज के बाद रहमत और बरकत की दुआएं मांगी गई. नमाज अदा करने के लिए लोग समय से पहले ही मस्जिद पहुंच गए. इसे लेकर पहले ही मस्जिदों में तैयारियां कर ली गई थी.
जामा मस्जिद अपर बाजार में मुफ्ती तल्हा नदवी, राईन मस्जिद में मुफ्ती मो. अनवर कासमी, पथलकुदवा मस्जिद में मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी, कर्बला चौक हव्वारी मस्जिद में मुफ्ती मो. सनाउल्लाह मजाहिरी समेत विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की जनसैलाब देखने को मिला.
इस दौरान उलेमाओं ने जकात, फितरा, गरीब, बेसहारा की मदद करने की बात कही. रमजान को बरकतों का और रहमतों का महीना बताए. इस अवसर पर मुफ्ती सनाउल्लाह मजाहिरी ने कहा कि यह रमजान शरीफ का महीना है. इस महीने में जो इंसान जान-बूझकर रोजा छोड़ता है, तो बड़ा गुनाह का कार्य करता है.
उन्होंने बताया कि माहे रमजान में तीन भाग होते हैं. इसमें पहला रहमत, दूसरा मगफिरत और आखिरी अशरा दोजख से निजात का है. बता दें, पहले जुम्मे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आई. ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए ताकि नमाजियों को आने-जाने में दिक्कत ना हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment