Ranchi News : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के आगामी चुनाव को लेकर राजधानी के कारोबारी गलियारों में चुनावी हलचल काफी तेज हो गई है. कुल 4,214 पंजीकृत मतदाताओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए मैदान में उतरे तीनों प्रमुख गुटों ने प्रचार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.
इसे भी पढ़ें...
रांची के व्यापारिक केंद्रों पर विशेष फोकस
रांची में 3,626 से अधिक मतदाताओं की मौजूदगी के कारण प्रत्याशियों का मुख्य ध्यान यहीं के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों पर टिका हुआ है. अपर बाजार, मेन रोड, कांके, रातू रोड और पंडरा जैसे कारोबारी केंद्रों में व्यापारियों का भरोसा जीतने के लिए जनसंपर्क और बैठकों का दौर जारी है. सभी टीमों की रणनीति अलग-अलग दिशाओं में आगे बढ़ रही है.
टीम मुकेश ने उठाया बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा
टीम मुकेश ने व्यापारियों के स्वाभिमान को बढ़ाने और बुनियादी ढांचे की खामियों को अपना प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया है. उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करने और व्यापारियों की आवाज मजबूती से उठाने की बात कही है.
टीम तुलसी को मिला क्षेत्रीय चैंबर के समर्थन का भरोसा
टीम तुलसी ने राजधानी से बाहर भी अपनी पकड़ को विस्तार देने पर जोर दिया है. टीम के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार तुलसी पटेल ने रामगढ़, सिंहभूम और चाईबासा चैंबर के पदाधिकारियों से समर्थन मांगा है, जहां सभी ने उन्हें आगामी चुनाव में अपने समर्थन का पूरा भरोसा दिया है.
पी-21 टीम ने किया संवाद
पी-21 टीम भी व्यवसायियों तक अपनी पहुंच बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है. टीम के सदस्यों ने रातू रोड, कोकर और चर्च कॉम्प्लेक्स इलाके में सघन पदयात्रा निकालकर व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित किया और अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया.
वरिष्ठ व्यवसायियों की गोलबंदी से दिलचस्प हुई जंग
जैसे-जैसे चुनाव की घड़ी नजदीक आ रही है, पूर्व चैंबर पदाधिकारियों और वरिष्ठ व्यवसायियों की गोलबंदी भी स्पष्ट होने लगी है. सभी टीमें व्यापार जगत से जुड़ी समस्याओं के स्थायी निदान और प्रशासनिक स्तर पर मजबूती से पैरवी का दावा कर रही हैं. प्रमंडलीय स्तर पर भी समर्थकों को लामबंद किया जा रहा है, जिससे साफ है कि कारोबारी नेतृत्व हासिल करने की यह जंग अब और भी दिलचस्प होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

